दिल्ली में शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे तक पालम में 005.2 मिमी, रिज में 004.4 मिमी, व आयानगर में 002.8, पूसा इलाके में 021.0 मिमी, नजफगढ़ में 008.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि बीते दिनों में सफदरजंग केंद्र पर केवल 4.3. मिमी बारिश ही दर्ज हुई थी।
दिल्ली में जुलाई का महीना बारिश के लिहाज से सबसे अहम माना जाता है। इसी महीने में सबसे ज्यादा बारिश होती है। जुलाई के लिए सामान्य वर्षा का औसत 195.8 मिमी है। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन भर नमी होने के कारण लोगों के पसीने छूटते रहे।
अब मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट है। इस कारण से हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान तापमान 32-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री के बीच बना रहेगा। वैसे मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश के लिए मानसून के सक्रिय होने की संभावनाएं बन रही हैं। शुक्रवार को हल्की बारिश हो चुकी है। अब शनिवार व रविवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है।