अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मंडावली इलाके में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को काटकर 19.32 लाख रुपये उड़ाने के मामले में इमरान मेवाती गिरोह के सदस्य साजिद उर्फ भूरा (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी 30 अप्रैल 2026 को हुई वारदात के बाद से फरार था और उसके खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुके थे।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि 29-30 अप्रैल की रात बदमाशों ने मंडावली स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली थी। एटीएम में कैश प्रबंधन करने वाली कंपनी के अधिकारी गौरव बैसला की शिकायत पर मंडावली थाने में मामला दर्ज किया गया। स्थानीय पुलिस के साथ अपराध शाखा ने भी जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के पीछे इमरान मेवाती गिरोह का हाथ है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर साजिद उर्फ भूरा की पहचान की गई। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापे मारे जा रहे थे।
15 जुलाई को अपराध शाखा को सूचना मिली कि साजिद हरियाणा के तावडू, मेवात क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने तावडू बाईपास रोड स्थित नरेंद्र टेक्नो पार्क के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मंडावली एटीएम चोरी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। पूछताछ में साजिद ने बताया कि वह पहले अलवर (राजस्थान) में एटीएम काटकर 12.70 लाख रुपये उड़ाने के मामले में भी शामिल रहा है। उस मामले में जेल के दौरान उसकी मुलाकात इमरान मेवाती से हुई थी। जेल से रिहा होने के बाद वह उसके गिरोह में शामिल हो गया और एटीएम काटने की वारदात को अंजाम देने लगा। पुलिस अब उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है।