नई दिल्ली। इंडिया हैबिटैट सेंटर में बुधवार शाम को आयोजित आईएचसी थिएटर फेस्टिवल 2025 में नाटक मेजोक का मंचन हुआ। मेजोक के मंचन से निर्देशक ने इच्छाओं और दूरियों का संवेदनशील चित्रण किया। मेजोक इच्छाओं के उस स्वभाव को खोजता है जो हमारे भीतर किसी पहाड़ की तरह बैठी रहती हैं। कभी पहाड़ों को हिला देने वाली और कभी स्वयं पहाड़ जैसी इच्छाएं।
नाटक में एक टेबल शामिल है जो कभी लकड़ी के टुकड़ों से बने ठोस स्थान का प्रतीक बनता है, तो कभी सपनों और वास्तविकताओं, भाषाओं और लोरियों, इच्छाओं और दूरियों के बीच झूलते मानवीय अनुभवों का सेतु। इसका लेखन और निर्देशन ज्योति डोगरा ने किया था। यह प्रयोगधर्मी नाटक अंग्रेजी, हिंदी, लद्दाखी, गढ़वाली, सिरमौरी और कन्नड़ भाषाओं में प्रस्तुत किया गया। नाटक में पहचान पत्र, मकान का पता, पासपोर्ट नंबर, लाइसेंस, खाता संख्या, ब्लॉक नंबर, कमरा, खिड़की और टोकन जैसे रोजमर्रा के तथ्यों के माध्यम से मानवीय लालसाओं और अनंत दूरियों को प्रतीकात्मक रूप से पिरोया गया। दर्शकों ने मेजोक को आधुनिक जीवन की जटिलताओं और भीतर छिपी इच्छाओं का अद्भुत मंचन बताते हुए सराहा। संवाद
...