सैमसंग कंपनी की नई इकाई का उद्घाटन करने के लिए 9 जुलाई को प्रधानमंत्री, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के आने के कार्यक्रम को लेकर मेरठ मंडलायुक्त अनीता मेश्राम ने शुक्रवार को कैंप आफिस में बैठक में अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि मोदी हेलीकॉप्टर के साथ-साथ वैकल्पिक सड़क मार्ग से भी आ सकते हैं, इसलिए सड़क मार्ग पर लगातार रिहर्सल करें और किसी भी तरह की परेशानी आम लोगों को नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी रूट डायवर्जन का प्रचार-प्रसार करें।
दिशानिर्देश का पूर्णरूप से पालन करें। सड़क मार्ग को लेकर अधिकारी स्वयं दौरा करें और किसी तरह की कोई कमी हो तो उसे दूर करें। 9 जुलाई को सप्ताह का पहला दिन है और उसी दिन लोगों का आवागमन अधिक होता है। रूट डायवर्जन करते हुए लोगों का भी ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने आईजी मेरठ राजकुमार और डीआईजी प्रशांत कुमार, डीएम बीएन सिंह, एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा समेत आला अधिकारियों व सैमसंग के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया।
प्रमुख सचिव ने ली वीडियो कांफ्रेंस से तैयारियों की जानकारी
प्रमुख सचिव ने शुक्रवार को मंडलायुक्त, आईजी, डीआईजी, डीएम और एसएसपी समेत आला अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की जिसके बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही, कुछ दिशानिर्देश देते हुए जिम्मेदारी तय की है।