मेरठ से महज एक घंटे में जेवर में प्रस्तावित नोएडा एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा है कि मेरठ से नोएडा एयरपोर्ट पूरी तरह सिग्नल फ्री होगा। जिससे करीब 93 किमी की दूरी महज 60 मिनट में तय की जा सकेगी। शुक्रवार को उन्होंने सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में आयोजित प्राधिकरण व आरडब्ल्यूए की बैठक में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी यूपी को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए काम किया जा रहा है। दिल्ली से मेरठ एक्सप्रेसवे का काम तेजी से जारी रहा है। मेरठ एक्सप्रेसवे को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है। दोनों एक्सप्रेसवे के जुड़ने के बाद मेरठ से सीधे सिकंद्राबाद के रस्ते सिरसा कट से यमुना एक्सप्रेसवे से होकर नोएडा एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। इसकी दूरी करीब 93 किलोमीटर बैठती है। इस पूरे रास्ते में कोई सिग्नल नहीं होगा। खास बात यह है कि इस रास्ते का इस्तेमाल औद्योगिक कॉरिडोर की तरह भी किया जा सकेगा।
मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक बनेगा एलिवेटेड रोड
उन्होंने कहा कि मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक 850 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। इसका शिलान्यास शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री करेंगे। एयरपोर्ट बनने के साथ ही इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है।
महत्वपूर्ण घोषणाएं
- जेवर एयरपोर्ट के लिए 70 प्रतिशत मिली जमीन
- ग्रेटर-नोएडा की तर्ज पर नोएडा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनेगा ऑडिटोरियम।
- पोस्टर व बैनर लगाने वालों पर होगी कार्रवाई।
- 170 एकड़ जमीन पर बॉटेनिकल गार्डन का होगा सौंदर्यीकरण।
- बिजली की बचत के लिए एलईडी लाइट लगाने का काम तेज होगा।
- नोएडा में 15 दिन के अंदर पासपोर्ट आफिस बनाने का काम शुरू होगा।