फॉलोअप के मरीजों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी
ऑनलाइन सेवाओं से सुविधाओं को सरल बनाया गया है, जिससे फॉलोअप के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है, जो अपने देश जाने के बाद फिर से आने से हिचकते थे। यही कारण है कि भारत में तेजी से मेडिकल टूरिज्म बढ़ रहा है। इसकी एक झलक प्रगति मैदान में आयोजित हुए भारत के सबसे बड़े हेल्थ एक्सपो में भी देखने को मिली। इस एक्सपो में बड़ी संख्या में देश के निजी अस्पतालों की चेन ने हिस्सा लिया। इन अस्पतालों के पास बड़ी संख्या में खाड़ी व अफ्रीकी देशों से प्रतिनिधि मिलने आए।
अमेरिका के अस्पतालों में एक से डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं लिवर प्रत्यारोपण में
अमृता अस्पताल के स्टॉल पर इराक से आए अब्दुल जब्बार ने बताया कि भारत में वह परिजन के लिवर प्रत्यारोपण के लिए लाए हैं। एक्सपो में उन्होंने अपोलाे, मैक्स, अमृता, कैलाश सहित अन्य अस्पतालों के स्टॉल पर चर्चा की। चर्चा के दौरान यह सुविधा 25 से 35 लाख तक मिलने का अनुमान बताया गया, जबकि अमेरिका के अस्पताल ने ईमेल के माध्यम से इसी प्रत्यारोपण के लिए एक से डेढ़ करोड़ रुपये का खर्च बताया था। उन्होंने बताया कि भारत में अमेरिका के मुकाबले रहना और अन्य खर्च भी काफी कम है। साथ ही जो सुविधा अमेरिका जैसे विकसित देशों में मिल रही हैं, उससे बेहतर सुविधाएं भारत में देने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में विकसित देशों की तुलना में भारत ही बेहतर विकल्प है।