गुड़गांव नगर निगम की वेबसाइट अब नए क्लेवर में नजर आएगी। परेशानियों से जूझने के बीच निगम ने नई वेबसाइट बना ली है। जो इसी सप्ताह काम करना शुरू कर देगी। इस बार इसमें लोगों के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए कई चीजें खास और बेहतर होगी।
पिछले दो महीनों से निगम की ऑनलाइन सेवा में खामियों के कारण लोगों को खासी परेशानी हो रही है। नागरिक सुविधा केंद्र की शुरूआत से निगम ने इसके संचालन की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी को दे दी है।
एजेंसी ने अपने तरीके से वेबसाइट बनाकर इसका संचालन किया। इसमें लोगों को निगम से जुड़ी तमाम प्रकार की सुविधाएं ऑनलाइन देने का दावा किया। जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीकरण से लेकर प्रॉपर्टी टैक्स, एनओसी नक्शा पास कराने की अनुमति आदि के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई।
लेकिन जनवरी में जब इसकी जांच की गई तो निगम अधिकारियों को किसी प्रकार का डाटा नहीं मिला। उसके बाद गड़बड़ी की आशंका के चलते उक्त कंपनी का करार रद्द कर इसे निगम के आईटी मैनेजरों के हवाले कर दिया।
पिछले दो महीने से आम लोगों के साथ ही आईटी मैनेजर भी सर्वर और वेबसाइट को लेकर परेशानी झेल रहे थे। सीएफसी की प्रभारी रीटा दलाल ने बताया कि इसी सप्ताह नई वेबसाइट लांच कर ली जाएगी। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली है। इस वेबसाइट में नई और बेहतर सुविधाएं जोड़ी गई हैं।
क्या होगा वेबसाइट में
रीटा के अनुसार इस बार वेबसाइट नई लुक और बेहतर होगी। नए मॉड्यूल, कॉलम, लिंक, डायरेक्शनल कम्यूनिकेशन होगा। ऐसे लोग आसानी से हैंडल कर पाएंगे। इस बार इसकी खासियत यह होगी कि लोग अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। सभी अधिकारियों को एक लॉगइन दिया जाएगा। लोग अपनी फाइलों की पूरी जानकारी ले सकेंगे। पहले फाइल का स्टेटस ही पता लग पाता था कि जमा हुई या नहीं। अब कहां तक पहुंची, कोई ऑब्जेक्शन लगा है, किसी अधिकारी के पास रूकी है आदि सब स्टे्टस जान सकेंगे। इंजीनियरिंग विंग से जुड़े तमाम कार्यों की जानकारी भी ले सकेंगे। इसके लिए प्रगति पोर्टल को वेबसाइट से जोड़ा गया है, पहले यह सुविधा नहीं थी।
सरकार के नोटिफिकेशन देख सकेंगे
वेबसाइट के जरिए आम नागरिक और अधिकारी सरकार की ओर से आए दिशा निर्देश आदि की जानकारी एक क्लिक पर ले सकेंगे। इसके लिए अलग सेक्शन बनाया गया है। इसके साथ पूरे शहर का नक्शा भी वेबसाइट पर देखा जा सकेगा। इससे पहले यह सुविधा भी नहीं थी।