दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एमसीडी चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। घोषणा पत्र में केजरीवाल सरकार ने कई वादे किए हैं। नगर निगम में आप की सरकार बनते ही हाउस टैक्स माफ होगा। वहीं, एक साल के अंदर एमसीडी को भ्रष्टाचारमुक्त करने के साथ-साथ दि्ल्ली भी चमक जाएगी। वहीं,तीन साल में राजधानी को डेंगू, चिकनगुनिया मुक्त किया जाएगा।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर निगम चुनाव का घोषणा पत्र जारी किया। दिल्ली में स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीठ में छुरा घोंपा है। भाजपा शासित एमसीडी ने दिल्ली को कूड़ाघर बना दिया है। भाजपा अगर दस सालों में दिल्ली की साफ-सफाई नहीं कर पाई तो उससे आगे भी उम्मीद नहीं की जा सकती।
इसके विपरीत अगर आप की सरकार निगम में बनती है तो एक साल के भीतर दिल्ली को चकाचक कर दिया जायेगा। प्रधानमंत्री में मिशन का आप की निगम सरकार पूरा करेगी। इसे लिये योजना तैयार कर ली गयी है। घोषणा पत्र में इसे शामिल भी किया गया है।
केजरीवाल ने बताया कि इसके लिए किसी राकेट साइंस की जरूरत नहीं है। दुनिया भर में इसके लिये बहुत सी तकनीकें हैं। आप की निगम सरकार सबसे बेहतर तकनीक सफाईकर्मियों को मुहैया करायेगी। साथ ही सफाई कर्मियों को संख्या बढ़ायी जायेगी। इससे एक साल में दिल्ली वैश्विक स्तर की राजधानी के तौर पर मशहूर होगी। इसके बाद निगम सरकार दिल्ली को डेंगू,चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम पर काम करेगी। तीन साल के भीतर दिल्ली को डेंगू फ्री बनाया जायेगा।