समान वेतन, मेडिकल लीव और अनुकंपा नियुक्ति जैसी बुनियादी मांगें उठाईं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली की सफाई और मच्छरों की रोकथाम का जिम्मा उठाने वाले एमसीडी के डीबीसी और सीएफडब्ल्यू कर्मचारी अपनी पुरानी मांगों पर सड़क पर उतर आए हैं। एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के बैनर तले 29 सितंबर से शुरू हुई यह हड़ताल लगातार जारी है। उन्होंने शुक्रवार को सिविक सेंटर के चारों ओर जुलूस निकालकर प्रशासन को अपनी ताकत और गुस्सा दिखाया।
यूनियन नेता देवानंद शर्मा ने कहा कि उनकी मांगें नई नहीं हैं। समान वेतन, मेडिकल लीव और अनुकंपा नियुक्ति जैसी बुनियादी मांगों को वे पिछले 30 साल से उठा रहे हैं। एमसीडी सिर्फ आश्वासन देती रही, लेकिन हकीकत में कुछ नहीं बदला। इस हड़ताल और जुलूस का उद्देश्य यही दिखाना है कि अब वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। धरनास्थल पर कर्मचारी पोस्टर बनाते, नारे लगाते और प्रशासन को चेतावनी देते नजर आए।
एक महिला कर्मचारी ने कहा कि हम अपने परिवार को छोड़कर दिल्ली की गलियों में काम करते हैं। लेकिन जब हमें अपने बच्चों के भविष्य की चिंता होती है तो कोई सुनवाई नहीं होती। अब हम चुप नहीं बैठेंगे। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, हम धरना खत्म नहीं करेंगे।