आदर्श नगर इलाके में एमबीबीएस की छात्रा से होटल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हरियाणा के हिसार की छात्रा ने अपने परिचित पर आरोप लगाया है कि उसने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया फिर अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। छात्रा का आरोप है कि इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसका लगातार शारीरिक शोषण किया। पुलिस के मामला दर्ज करने की सूचना पर आरोपी भाग गया।
छात्रा हरियाणा के हिसार की रहने वाली है और दिल्ली के एक कॉलेज से एमबीबीएस कर रही है। आरोपी भी हिसार का रहने वाला है और मुखर्जी नगर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। आदर्श नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके साथ स्कूल में पढ़ता था और हाल ही में इंस्टाग्राम के जरिये उसके संपर्क में आया। दोनों में फोन पर बातचीत होने लगी तो लड़के ने 9 सितंबर को उसे आदर्श नगर स्थित एक होटल में बुलाया। यहां उसके दो दोस्त भी मिले।
आरोपियों ने उसे नशीला पेय पदार्थ दिया, जिसके पीने पर वह बेहोश हो गई। इस दौरान आरोपी ने दुष्कर्म किया और वीडियो और फोटो बना लिए। उसकी धमकी और शारीरिक शोषण से परेशान छात्रा ने तीन अक्तूबर को परिजनों को यह बात बताई तो पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।