एमसीडी के महापौर प्रवेश वाही ने बादली क्षेत्र का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को सिविल लाइंस जोन के बादली क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान जगह-जगह फैली गंदगी, सड़कों पर पड़े मलबे और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था को देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और मलबा उठवाकर सफाई कार्य शुरू कराया। सफाई में उन्होंने भी योगदान दिया।
इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से भी बातचीत की और दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से कूड़ेदान रखने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित सफाई, समयबद्ध कूड़ा उठान और मलबा हटाने की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विधायक दीपक चौधरी, पार्षद गायत्री यादव, क्षेत्रीय उपायुक्त शशि प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।