दिल्ली में पांच सितारा ताज पैलेस होटल के बाद अब शालीमार बाग स्थित मैक्स हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना के बाद दिल्ली पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस मौके पर पहुंची। अस्पताल प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह, मैक्स अस्पताल के कॉल सेंटर पर एक अज्ञात बम धमकी प्राप्त हुई। हमारी आपातकालीन प्रक्रियाओं के अनुसार, तुरंत अधिकारियों को सूचित किया गया और हमारे परिसर में सतर्कता के साथ तलाशी ली गई। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हमारे मरीजों, स्टाफ और आगंतुकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं। बता दें कि इस तरह की धमकी शुक्रवार को हाई कोर्ट को भी दी गई थी। लेकिन जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
पूर्व में अदालतों को मिले फर्जी बम के मेल
इस साल जनवरी से लेकर अगस्त के बीच 100 से ज्यादा स्कूलों को मिल चुकी हैं ऐसी ही धमकी
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त के बीच दिल्ली-एनसीआर के करीब 100 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों को ऐसी ही धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें डीपीएस वसंत विहार, अमेटी स्कूल साकेत, सलवान पब्लिक स्कूल, मॉडर्न स्कूल, वसंत वैली स्कूल, सेंट स्टीफंस कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) जैसे संस्थान शामिल हैं।