एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम हर दिन रंग बदल रहा है। कभी धूप निकलती है कभी तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगती है। शनिवार व रविवार के बाद सोमवार को भी दोपहर में आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया और 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली। कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश भी हुई।
जाफरपुर केंद्र पर सबसे अधिक 34.5 मिमी बारिश
दिल्ली के मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8:30 बजे तक 7.2 मिमी व शाम 5.30 बजे तक 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 34.5 मिमी बारिश जाफरपुर केंद्र पर व पूसा केंद्र पर सुबह से शाम तक 28 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इस माह अब तक 78 मिमी बारिश
आमतौर पर 40 डिग्री से अधिक अधिकतम तापमान के साथ मई का महीना दिल्ली-एनसीआर में सबसे गर्म रहता है। लेकिन इस बार एक के बाद एक आए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मई में सामान्य से कम तापमान चल रहा है और मई के पूरे महीने में होने वाली बारिश से कही अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। मई के महीने में 78 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है जबकि सामान्य तौर पर मई में 30.7 मिमी होती है। वहीं मई में केवल नौ दिनों के लिए दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार एक व दो जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तीन जून से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। इस दौरान तापमान 37-38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।