दिल्ली की हवा मध्यम श्रेणी में बरकरार
राजधानी में हवा की गति तेज होने से प्रदूषण मध्यम श्रेणी में बरकरार है। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 191 रहा, जोकि मध्यम श्रेणी में है। इसमें सोमवार के मुकाबले 9 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। सर्वाधिक इलाकों में एक्यूआई 100 के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक हवा मध्यम श्रेणी में बनी रहेगी।
पश्चिम से उत्तर-पूर्व दिशा की ओर से चलेगी हवा
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक मंगलवार को औसतन आठ से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा दक्षिण-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चली। वहीं, बुधवार को हवा पश्चिम से उत्तर-पूर्व दिशा की ओर से चलेगी। इस दौरान हवा की गति छह से दस किलोमीटर प्रतिघंटे रहने का अनुमान है। गुरुवार को हवा उत्तर-पूर्व से उत्तर-पश्चिम दिशा से चल सकती है। हवा की गति 8 से 12 किमी रहने के आसार है। शुक्रवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 8 से 12 किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा की हवा रही सबसे अधिक प्रदूषित
सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में ग्रेटर नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक सबसे अधिक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 242 रहा, यह खराब श्रेणी है। फरीदाबाद में 216, गुरुग्राम में 207, नोएडा में 164 व गाजियाबाद में 150 एक्यूआई दर्ज किया गया।