गांव रावली में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के नाम से मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल चलाने वाला मुख्य आरोपी बिलाल हमीदी को पुलिस ने रविवार शाम रावली कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया। बिलाल के साथ एक अन्य व्यक्ति संजीव को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने दोनों को सोमवार को अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने आरोपियों को रिमांड पर सौंप दिया है।
दोनों की पुलिस को करीब आठ माह से तलाश थी। इनकी तलाश में पुलिस ने गुड़गांव, दिल्ली, फरीदाबाद और नोएडा सहित अन्य कई ठिकानों पर दर्जनों दफा छापेमारी की थी। लेकिन उक्त शातिर अपराधी पुलिस को चकमा दे रहे थे। इस क्रम में रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि बिलाल रावली गांव में आया हुआ है।
इसके बाद पुलिस ने योजना बनाकर उसे एक मकान से पकड़ कर लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने शाहरुख खान के नाम से फर्जी मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल चलाकर कई राज्यों के छात्रों को दाखिला देकर उनसे करोड़ों रुपये ठगे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने उन्हें रिमांड पर सौंप दिया है।
क्या है मामला मूलरूप से बिहार निवासी बिलाल हमीदी ने रावली के एसडी इंजीनियर कॉलेज के दो कमरों में एमबीबीएस की डिग्री देने के नाम पर कई राज्यों के छात्र-छात्राओं ने दाखिला दिया था। इसके लिए आरोपी ने छात्रों से करोड़ों रुपये ठगे थे। आरोपी ने इससे पहले भी इस प्रकार के फर्जी कॉलेज चलाए थे।
रावली गांव के शाहरुख खान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का खुलासा तब हुआ जब रोहतक के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत सीएम विंडो में की। शिकायत होते ही मेवात जिला प्रशासन ने कॉलेज में छापेमारी की तो फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।