-स्वामी राजेश्वरानंद ने किया संतान प्रोत्साहन का आह्वान, एक लाख रुपये देंगे पुरस्कार राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा के गोरख पार्क स्थित श्री राजमाता झंडेवाला मंदिर में कन्यादान महादान संकल्प के तहत सात अभावग्रस्त जोड़ों का सामूहिक विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। इस दौरान स्वामी राजेश्वरानंद महाराज ने समाज कल्याण के लिए एक घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो दंपति अगले पांच वर्षों में चार संतानों को जन्म देंगे, उन्हें संस्थान की ओर से 1 लाख रुपये का पुरस्कार और एक बच्चे की पढ़ाई का पूरा खर्च दिया जाएगा।
सद्गुरु राजदरबार के प्रबंधक राम वोहरा ने कहा कि विवाह में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के जोड़े शामिल हुए, जिनमें एक विधवा और तलाकशुदा जोड़े का पुनर्वास भी कराया गया। पंडित राम शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ फेरे संपन्न कराए। इस दौरान गुरु पूजा, दीपक शर्मा, पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल, नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड के सीवीसी अमित शर्मा, एडिशनल पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा, पार्षद प्रियंका सक्सेना, रितेश सूजी, पूर्व निगम पार्षद अनिल वशिष्ठ, ईश्वर बागड़ी, अनिल गौतम और अविता चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, नवदंपतियों को पलंग, अलमारी और गहनों सहित संपूर्ण घरेलू सामान भेंट कर विदा किया गया।