पुलिस शहीदी दिवस पर शनिवार को पुलिस शहीद फाऊंडेशन द्वारा पुलिस लाइन में कार्यक्रम किया गया। पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि गुरुग्राम पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने शहीद परिवारों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है। शहीद जवानों के बलिदान की प्रशंसा की। उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। गुरूग्राम पुलिस के कर्मचारियों व अधिकारियों की प्रशंसा की। ताकि पुलिस का सेवा-सुरक्षा-सहयोग का नारा पूरा हो सके। पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि हरियाणा पुलिस विशेषकर गुरूग्राम पुलिस हर तरह के अपराधों को नियंत्रण करने में सक्षम है। आज के समय में पुलिस की चुनौती व जिम्मेदारियां बढ़ी हैं।
जिससे हरियाणा पुलिस जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बाखूबी निभा रही है। फाऊंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष देश में 771 पुलिस के वीर जवानों ने अपने कत्र्तव्यों का पालन करते हुए शहादत दी थी। इस साल करीब 320 पुलिस के वीर जवान शहीद हुए।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर कहा कि गुरूग्राम के जिला एवं सत्र न्यायधीश हरनाम सिंह ठाकुर ने कहा कि हर हाल में शहीदों का सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट सुरूचि अतरेजा ने उपस्थित पुलिस कर्मचारियों व परिवारों सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण लोगों की सेवा के लिए तत्पर है।
उन्होंने कहा कि सक्सेशन सर्टिफिकेट और मुआवजा राशि दिलवाने में शहीदों के परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहीद के परिवार को कोई भी कानूनी सलाह व सहायता की आवश्यकता है, तो वह उनके कार्यालय में आकर मिल सकता है, उन्हें नि:शुल्क कानूनी सहायता दी जाएगी।
मंच संचालन करते हुए पुलिस शहीद फाऊंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट आरएल शर्मा ने कहा कि 21 अक्तूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में डीएसपी कर्म सिंह और 20 सिपाहियों की टुकड़ी पर चीन की सेना में हमला बोल दिया था, जिसके जवाब में सभी जवानों ने अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान देकर देश की रक्षा की थी। उसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने हर साल 21 अक्तूबर को पुलिस शहीदी दिवस मनाने का फैसला किया था।
पुलिस वालों के लिए चेकअप कैंप
पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए आर्टिमिस अस्पताल के सहयोग से नि:शुल्क हैल्थ चैकअप कैंप लगाया। जिसमें इसीजी, बीपी, सूगर, इकोग्राफी, अस्थमा व ह्रदय रोगों की जांच नि:शुल्क की गई, जिसका करीब 300 लोगों ने लाभ उठाया। मेडिकल कैंप में आर्टिमिस के जीएम फरीद खान, डॉ. हिमांशु गर्ग व टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस शहीद फाऊंडेशन, आर्टिमिस अस्पताल और ब्लू एयर के सहयोग से गुरूग्राम पुलिस को 5 हजार हाई सिक्योरिटी मास्क भी उपलब्ध करवाए गए, ताकि गुरूग्राम ट्रैफिक पुलिस के जवान स्वस्थ रहकर अपने कत्र्तव्यों का पालन कर सकें।
बच्चों को किया सम्मानित
फाऊंडेशन द्वारा पुलिस कर्मचारियों के उन 15 बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक आठवीं, दसवीं या बारहवीं कक्षा में प्राप्त किए हैं। 12 पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों को भी बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में डीसीपी ट्रैफिक सिमरदीप सिंह, डीसीपी मुख्यालय दीपक गहलावत, डीसीपी वेस्ट दीपक सहारण, डीसीपी साऊथ अशोक बक्शी, सभी सहायक पुलिस आयुक्त व थाना प्रभारी उपस्थित रहे।