दिल्ली एनसीआर में लोकसभा चुनाव के नामांकन के बाद अब वोटिंग की तारीख भी नजदीक आती जा रही है लेकिन जैसे-जैसे ये तारीख नजदीक आ रही है प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवारों की मुश्किलें भी उतनी ही तेजी से बढ़ रही हैं।
विज्ञापन
चुनावी बयानबाजी और भाषण में उम्मीदवारों की जुबान इतनी ज्सादा फिसल रही है कि एक के बाद एक लगभग हर प्रमुख पार्टी के उम्मीदवार पर केस दर्ज होते जा रहे हैं।
बीजेपी, कांग्रेस, AAP के बाद अब बसपा और सपा के उम्मीदवारों पर भी मुकदमा दर्ज हो गया है। चुनाव से ठीक पहले नेताओं पर दर्ज हो रहे ये केस उनके साथ ही पार्टी की भी मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
विज्ञापन
सपा प्रत्याशी ने दिखाया सरकारी रंग, केस दर्ज
गौतमबुद्घ नगर सीट पर आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में मंगलवार को सपा और बसपा प्रत्याशियों पर केस दर्ज किया गया है। वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मायचा गांव में सपा की सभा में प्रत्याशी नरेंद्र भाटी पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में दादरी कोतवाली ने रिपोर्ट दर्ज की है।
अपर जिलाधिकारी आच्छेलाल यादव ने बताया कि दादरी कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार शर्मा ने नरेंद्र भाटी के खिलाफ धारा 171 (सी) आईपीसी एवं 123 लोक प्रतिनिधित्व कानून 1951 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि 30 मार्च 2014 को मायचा गांव में चमनलाल पुत्र भभूती के अहाते में हुई सभा में नरेंद्र भाटी ने आचार संहिता का पालन नहीं किया।
पोस्टर लगाकर फंस गए अवाना
सपा प्रत्याशी ने यूपी में अपनी पार्टी की सरकार होने की बात कहकर चुनाव में आचार संहिता से नहीं डरने, मुकदमे दर्ज होने पर मात्र दो माह में वापस कराने का आश्वासन दिया। इस मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, एक अन्य मामले में चुनाव आयोग के हस्तक्षेप के बाद सपा प्रत्याशी के खिलाफ नोएडा सेक्टर-49 थाने में भी मामला दर्ज किया गया है।
कासना कोतवाली में बसपा के प्रत्याशी सतीश अवाना के खिलाफ सरकारी संपत्ति पर बैनर और पोस्टर लगाने के आरोप में पुलिस ने धारा-171 के तहत मामला दर्ज किया है। बीटा-दो सेक्टर में बसपा प्रत्याशी सतीश अवाना के पोस्टर और बैनर बिजली के खंभों पर लगे थे। जिसके चलते पुलिस ने लोक प्रतिनिधि अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
गाजियाबाद में फंसे सारे दिग्गज
गाजियाबाद सीट से बीजेपी के उम्मीदवार वीके सिंह पर भी आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज है। कविनगर थाने में धारा-188 के तहत रिपोर्ट लिखाई गई है, जिसमें कहा कि गया है कि बीजेपी प्रत्याशी वीके सिंह ने बिना अनुमति लिए चिरंजीव विहार अवंतिका में सभा की है।
सीओ द्वितीय अतुल यादव ने बताया कि सभा के दौरान मजिस्ट्रेट ने उनसे अनुमति पत्र मांगा था, जो वे नहीं दिखा सके। सभा की वीडियोग्राफी कर एफआईआर दर्ज कराई गई।
गाजियाबाद के मसूरी थाने में बसपा प्रत्याशी मुकुल उपाध्याय और AAP की शाजिया इल्मी और कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर पर केस दर्ज हो चुका है। राज बब्बर पर हापुड़ जिले के पिलखुवा में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया गया था। इन तीनों पर निर्धारित समय के बाद भी सभा करने का आरोप था।
AAP प्रत्याशी खेतान को डबल नोटिस
नई दिल्ली से AAP उम्मीदवार आशीष खेतान पर भी निर्धारित समय के बाद जनसभा करने का मामला दर्ज है।
आशीष खेतान ने कांग्रेस प्रत्याशी अजय माकन पर घोटाले का आरोप लगाते हुए कठपुतली कॉलोनी में खुली बहस की चेतावनी दी थी। इस मामले में अजय माकन ने खेतान को नोटिस भेजा था।
कॉलोनी पहुंचे आशीष वहां के लोगों की समस्याएं सुनने और चुनावी भाषण में इतने मशगूल हो गए कि उन्हें समय का ख्याल नहीं रहा। रात एक बजे खेतान वहां से हटे थे।
फरीदाबाद लोकसभा सीट पर AAP उम्मीदवार पुरुषोत्तम डागर को आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस भेजा जा चुका है।
पुरुषोत्तम को भेजे गए नोटिस पर रोड शो के दौरान 10 से ज्यादा गाड़ियां ले जाने के मामले में जवाब मांगा गया। हालांकि उन्होंने नोटिस जवाब देते हुए बताया कि उनकी पार्टी की ओर से सिर्फ 10 गाडियां ही थीं लेकिन प्रशासन ने रास्ते में आम लोगों की गाडियों को भी काफिले में गिन लिया।