दिल्ली में कांग्रेस-आप के बीच संभावित गठबंधन के कयासों पर विराम लगने से आम आदमी पार्टी के विधायक चिंतित होने शुरू हो गए हैं। उनकी चिंता का मुख्य कारण दिन प्रति दिन कांग्रेस के मजबूत होने को लेकर है। विधायकों का मानना है कि कांग्रेस के मजबूत होने से उनकी जीत की संभावना कम हो रही है।
यही कारण है कि कांग्रेस से आप में गए नेता अब पुन: कांग्रेस में वापसी का जुगाड़ लगाने में लग गए हैं। कांग्रेस नेताओं के अनुसार आप के करीब आठ- से नौ विधायक कांग्रेस के संपर्क में है। हालांकि पार्टी इनका नाम सार्वजनिक नहीं कर रही। समय आने पर नाम का खुलासा करने का तर्क जरूर रख रही है।
कांग्रेस की ओर से गठबंधन से इंकार करने के बाद आप के अधिकांश विधायकों में बेचैनी है। इसका मुख्य कारण है कि उनको कांग्रेस द्वारा उनके वोट बैंक में सेंध लगाने की चिंता है।
पिछले चुनावों में विधानसभा में कांग्रेस का सफाया हो गया था जबकि उससे पहले के चुनावों में उसके आठ विधायक जीतने में सफल रहे थे। इसके बाद एमसीडी चुनावों में कांग्रेस ने अपने रिकार्ड में सुधार किया था।