स्टिंग ऑपरेशन के जरिए बीजेपी की पोल खोल चुकी आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के खिलाफ सबूत होने की बात कही है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम बोलते हुए मनीष सिसोदिया ने बताया कि आप के विधायक दिनेश मोहनिया को पैसों का लालच देकर पार्टी से इस्तीफा दने को कहा गया।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी ही कई रिकॉर्डिंग उनके पास है। सिसोदिया ने बताया कि बीजेपी ने आप के लगभग 15 विधायकों से संपर्क किया था और इनका खुलासा पार्टी कुछ दिनों में करेगी।
जब मनीष से पूछ गया कि क्या उनके पास कोई सबूत है तो उन्होंने कहा कि हमारे पास कई रिकॉर्डिंग हैं। उन्होंने कहा कि मैं बस इतना कहूंगा कि बीजेपी ने हमारे 15 विधायकों से संपर्क किया था और उनमें से तीन या चार रिकॉर्डिंग हम जल्द रीलीज करेंगे।
'प्रदेश उपाध्यक्ष कैसे हो सकता है छोटा नेता?'
गौरतलब है कि आप ने सोमवार को एक वीडियो रीलीज करके दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर को आप के संगम विहार से एमएलए दिनेश मोहनिया से अपनी सीट छोड़ने और पैसे का प्रस्ताव देते दिखाया गया है।
इस स्टिंग के बाहर आने के बाद बीजेपी ने डागर को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। बीजेपी ने आप विधायकों को कैसे संपर्क किया ये बताते हुए सिसोदिया ने कहा कि पहले वो हमारे विधायकों के पास आए, फिर लौट गए और ऐसा ही चलता रहा। हमने अपने विधायकों से बीजेपी के पास जाकर स्टिंग करने को नहीं कहा था।
जब सिसोदिया से पूछा गया कि अमित शाह के उस कमेंट जिसमें उन्होंने डागर को सामान्य कार्यकर्ता बताया है पर उनकी क्या राय है तो वो बोले कि प्रदेश का उपाध्यक्ष छोटा कार्यकर्ता नहीं होता। दिल्ली में राष्ट्रपति साशन को लेकर सिसोदिया ने एलजी से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एलजी नजीब जंग इसलिए विधानसभा भंग नहीं कर रहे हैं ताकि चुनाव न हो सके।
बीजेपी के निर्देश पर काम कर रहे हैं एलजी
उन्होंने कहा कि एलजी ने आजतक जो भी किया है उसमें सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है कि उन्होंने बीजेपी को सरकार बनाने के लिए राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखी। उन्होंने एलजी पर आरोप लगाने के अंदाज में कहा कि एलजी ने अपनी राय की जगह उस पत्र में अपनी इच्छा जाहिर की है।
एलजी पहले से ही जानते हैं कि दिल्ली की कैसी स्थिति है, किसी पार्टी के पास बहुमत नहीं है कि वो सरकार बना सके फिर एलजी बीजेपी को सरकार बनाने के लिए कैसे बुला सकती है। इसका मतलब तो यही है कि वो खरीद फरोख्त की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। 27 विधायक अपनी लिखित शिकायत एलजी को दे चुके हैं पर उन्होंने इस पर जरा भी ध्यान नहीं दिया।
इसकी जगह उन्होंने केवल सिंगल लार्जेस्ट पार्टी की गणित पर ध्यान देते हुए बीजेपी को बुलावा भेज दिया। सिसोदिया ने बताया कि उनके सभी 27 विधायकों ने आकर शिकायत की है कि बीजेपी नेता उनसे संपर्क कर रहे और उन्हें धमकियां भी दे रहे हैं।
एलजी पर आरोप मढ़ते हुए सिसोदिया ने कहा कि एलजी का इस तरह से आप की शिकायत को दरकिनार करना निश्चित ही बिना बीजेपी के निर्देश के बिना संभव नहीं है। बीजेपी की केंद्र में सरकार है और बिना उसकी जानकारी के नजीब जंग ऐसा कर ही नहीं सकते।