दिल्ली के बेंगलूरू की रहने वाली एक महिला ने असिस्टेंट इमीग्रेशन ऑफिसर विनोद कुमार के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी और जान से मारने का आरोप लगाया है। आईजीआई थाना पुलिस ने महिला के ससुर के ईमेल से दिए शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
शिकायत में महिला ने बताया कि वह 18 मार्च को बेंगलूरू से दिल्ली एयरपोर्ट होते हुए हांगकांग अपने पति के पास जा रही थी। जब वह इमीग्रेशन काउंटर पर पहुंची तो वहां तैनात अधिकारी विनोद कुमार ने उससे बेतुके सवाल पूछे। कागजी कार्रवाई पूरा होने के बाद उसका पीछा भी किया।
महिला के मुताबिक हांगकांग से वापस आने के बाद दंपति ने एफएफआरओ में उक्त अधिकारी की शिकायत दी। लेकिन, उन्हें आला अधिकारी का ईमेल आईडी देकर शिकायत करने के लिए कहा गया। इसी दौरान उक्त अधिकारी वहां पहुंचा, जिसे पीड़ित ने पहचान लिया। महिला के पति ने अधिकारी का फोटो अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
बाद में ईमेल के जरिए शिकायत करने के बाद गृहमंत्रालय ने ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन से रिपोर्ट मांगी। मामला तुल पकड़ता देख आरोपी अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला के ससुर कर्नाटक के कॉमस एंड इंडस्ट्री के हेड रह चुके हैं। उनकी शिकायत पर मंगलवार को आईजीआई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि एयरपोर्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरा उसकी आरोपों की पुष्टि करेगी।