बल्लभगढ़ गांव मंधावली के ग्रामीणों को जल्द ही मिट्टी के चूल्हे के धुएं और गैस सिलेंडरों के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा। गांव में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की पाइप लाइन बिछाने का काम अडानी कंपनी ने शुरू कर दिया है।
गांव की गलियों में पाइप लाइन बिछाने में करीब 15 दिन का समय लगेगा। इसके बाद लोगों के घरों की किचन में पीएनजी कनेक्शन देने का काम शुरू हो जाएगा। इस गांव में करीब 800 घरों को पीएनजी सुविधा का लाभ मिलेगा।
अभी तक गांव के लोगों को एलपीजी लेने के लिए बल्लभगढ़ या फरीदाबाद की गैस एजेंसियों पर जाना होता है। गांव के लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत ने पीएनजी के लिए प्रस्ताव पारित कर अडानी कंपनी के उपाध्यक्ष भातिष ढोलकिया को सौंपा।
कंपनी ने ग्राम पंचायत के प्रस्ताव को मानते हुए काम शुरू करा दिया। गैस कंपनी अगले 20 दिनों के भीतर गांव में कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन फार्म भरवाने का काम शुरू कर देगी। गैस की पाइप लाइन डालने के बाद तुरंत कनेक्शन दिए जाएंगे।
सोमवार को पाइपलाइन डालने की शुरुआत हुई। इस मौके पर पंच धर्मवीर शर्मा, पूर्व सरपंच देशराज शर्मा, पूर्व पंच रामपाल, राजेश, जयभगवान, संजय, सोहनपाल, कालीचरण फौजी, महेंद्र पांचाल व भूलेराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए 5600 रुपये की राशि जमा करानी होगी। ग्रामीणों को पहले 1600 रुपये जमा करने होंगे। जिसके बाद उनके किचन में पीएनजी पहुंचा दी जाएगी। बाकि रकम किस्तों में देनी होगी।-सत्यजीत, सीनियर इंजीनियर, अडानी एनर्जी कंपनी
ग्रामीणों को अब चूल्हे के धुएं से छुटकारा मिलने के साथ साथ रसोई गैस सिलेंडर के लिए लगने वाली लंबी लाइनों से भी छुटकारा मिल जाएगा।-अशोक कौशिक, सरपंच गांव मंधावली