राजौरी गार्डन इलाके में सार्वजनिक जगह पर लघुशंका करने पर एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दो हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के बयान पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने अनुसार, घायल युवक की पहचान बसईदारापुर निवासी अरमान (28) के रूप में हुई है। वह दर्जी है। 23 दिसंबर की शाम को वह बाइक से दुकान जा रहा था। राजधानी कॉलेज के पास बाइक रोककर लघुशंका करने लगा। जैसे ही वह बाइक स्टार्ट कर वहां से जाने लगा, तो इसी दौरान उसके पास दो लड़के आए और सार्वजनिक जगह पर लघुशंका करने पर बहस करने लगे।
अरमान के विरोध करने पर एक लड़के ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे राममनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
डाबड़ी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने चाकू से दर्जनों वार कर की युवक की हत्या
डाबड़ी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने चाकू से दर्जनों वार कर विपिन यादव (27) की हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस युवक को पास के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस को युवक का पर्स और मोबाइल मिला है।
पुलिस के अनुसार, मूलत: बिहार के बेगुसराय का रहने वाला विपिन मटियाला के सहयोग विहार इलाके में किराए पर रहता था। वह ड्राइवर था। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस को पता चला कि डाबड़ी की गली नंबर एक में युवक खून से लथपथ पड़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों ने ज्यादातर वार उसकी छाती पर किए। इससे आशंका है कि रंजिश की वजह से हत्या की गई है। पुलिस उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लिया है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।