पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को पंजाबी बाग थाना पुलिस को एमसीडी स्कूल परिसर के बगल में स्थित एक खाली प्लॉट में एक शख्स के पेड़ पर फंदे से लटके होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदा से उतारने के बाद अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए।
छानबीन के दौरान मृतक की पहचान सुनील कुमार (44) के रूप में हुई। वह परिवार के साथ राजौरी गार्डन के शिवाजी एनक्लेव स्थित डीडीए फ्लैट में रहता था। परिवार वालों ने बताया कि सुनील एक निजी कंपनी में काम करता था। जहां से उसकी नौकरी छूट गई थी। वह चार पांच माह से नौकरी पाने का प्रयास कर रहा था, कई कंपनी में उसने आवेदन भी किया था। लेकिन नौकरी नहीं मिलने की वजह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान था।
22 अगस्त को वह अपने घर से निकला, उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं था। परिवार वालों ने राजौरी गार्डन थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत की थी। उसके बाद से पुलिस सुनील की तलाश कर रही थी। पुलिस को आशंका है कि नौकरी नहीं मिलने से परेशान होकर उसने खुदकुशी की है। पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।