बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 12.22 शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने एक शख्स को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। पुलिस की टीम ई-ब्लॉक झुग्गी के पास पहुंची। वहां एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा था। उसके सीने के दाहिने हिस्से में चाकू के घाव थे। पुलिस ने उसे और उसके दो भाइयों संदीप और दीपक को पास के अस्पताल में लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में पता चला कि घटना से करीब एक घंटा पहले पटाखे फोड़ने को लेकर दिलीप के भाइयों संदीप और दीपक की पड़ोस में रहने वाले युवक धीरज से गाली-गलौज और झगड़ा हुआ था। कुछ देर बाद वह दोस्तों के साथ दिलीप के घर पहुंचा और घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तुरंत धीरज की झुग्गी में दबिश दी। लेकिन वह भाग चुका था। पुलिस ने दीपक के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान लेने के साथ साथ आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। साथ ही भागे हुए आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी शुरू की। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने एक घंटे के भीतर तीन आरोपियों को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान ई-ब्लॉक झुग्गी निवासी धीरज, आकाश और अशोक विहार निवासी तरुण के रूप में हुई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी अजय अभी भागा हुआ है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि धीरज जहांगीरपुरी स्थित फ्लिपकार्ट स्टोर में काम करता है, वहीं आकाश बवाना स्थित बर्तन की फैक्टरी और तरुण रिठाला स्थित कूरियर की कंपनी में काम करता है। आरोपियों पर पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है।