नई दिल्ली में आग की लपटों के बीच झुलस रहे एक शख्स को मौके पर पहुंचे पीसीआर के कर्मियों ने बाल-बाल बचा लिया। घटना सोमवार रात की है, जब विष्णु गार्डन निवासी अरविंद गुप्ता अपने दोस्त हरचरण के साथ कैब से बवाना की ओर जा रहा था।
कंझावला रोड पर बवाना की तरफ मुड़ते ही कार से धुआं निकलते देख हरचरण ने कार रोकी और बाहर निकलकर देखने लगा। इसी दौरान धमाके बाद कार से आग की लपटें निकलने लगीं। हरचरण बाहर था, लेकिन अरविंद कार में लगी आग में फंस गया। कार के दरवाजे भी जाम हो चुके थे। उसने जान बचाने के लिए कार में रखे आग बुझाने वाले उपकरण का इस्तेमाल किया तो उसकी पैंट में आग लग गई।
उधर, हरचरण की सूचना पर पीसीआर कर्मी एएसआई विमल, हवलदार उमेश और सिपाही पहुंच गए। उन्होंने तरकीब से झटके में दरवाजा खोलकर अरविंद को निकाला। पीसीआर कर्मियों ने कार में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, पर नाकाम रहे। बाद में सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।