फरीदाबाद में पिकअप गाड़ी से पानी के छीटें उछलने का विरोध करने पर चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ करने में जुटी है।
एनआईटी-चार आदर्श नगर निवासी अजय ने बताया कि उनका 36 वर्षीय भाई लखमी अपना टैंपो चलाता था। रविवार रात को वे दोनों बाइक पर सवार होकर चिमनीबाई चौक से अपने घर की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान एसजीएम नगर की तरफ से एक पिकअप गाड़ी आ रही थी। मुल्ला होटल चौक पर पिकअप गाड़ी से वहां जमा पानी की छीटें उछलकर उनके कपड़ों पर आ गए। इस पर लखमी ने पिकअप के चालक को आराम से गाड़ी चलाने की हिदायत दी।
इस पर पिकअप चालक और परिचालक उनके साथ गाली-गलौच करने लगे। लखमी और अजय ने विरोध किया तो पिकअप चालक ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया।