गुरुग्राम में 26 नवंबर 2018 को गैस एजेंसी के 37 लाख रुपये लूटने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव कुतुबगढ़, दिल्ली निवासी अजय (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक 7.65 एमएम की पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने गुरुग्राम में हुई लूटपाट, हत्या के प्रयास और कार लूटने की कुल छह वारदात सुलझाने का दावा किया है। पुलिस अजय से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कार लूटने की वारदात हो रही थी। उसी की छानबीन के लिए पुलिस उपायुक्त जॉय टिर्की और श्याम सुंदर व अन्यों की टीम ने छानबीन शुरू की। इस बीच 15 मार्च को एक सूचना के बाद पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-16 के पास से आरोपी अजय को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बवाना, नरेला इंडस्ट्रियल एरिया और अमन विहार समेत अन्य इलाकों में हुई कार लूट, गुरुग्राम में 37 लाख की लूट और पांच जनवरी को बवाना में युवक की गोली मारने की वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल की। दो मार्च को नरेला इलाके में अपने साथी मनीष और सन्नी के साथ मिलकर कार और 4.50 लाख रुपये लूट लिए थे।