ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दादूपुर गांव के पास रविवार सुबह सैर के लिए निकले एक युवक को महिंद्रा पिकअप ने सामने से टक्कर मारकर बुरी तरह कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने पीछा किया तो आरोपी पिकअप को हरियाणा सीमा में छोड़कर भाग गया। हादसे की सूचना दो किसानों ने पुलिस को दी। आरोप है कि सीमा विवाद में उलझकर दनकौर और ईकोटेक-1 थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। बाद में सीओ सेकेंड अमित किशोर और दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया गया।
ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी 35 वर्षीय सतेंद्र गांव में रहकर ही ब्याज पर रुपये के लेन-देन का काम करते थे। रोज की तरह वे रविवार सुबह गांव से सटे पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर टहलने गए थे। घर लौटते समय सिरसा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप गाड़ी ने सतेंद्र को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह एक्सप्रेसवे पर गिर गए और पिकअप ने उन्हें कुचल दिया। चालक पिकअप लेकर भाग निकला।
पास में ही काम कर रहे दो किसान घटनास्थल पर पहुंचे और यूपी 100 पर कॉल कर पुलिस को और इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर आ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि फोन करने पर करीब दो घंटे तक दनकौर और ईकोटेक-1 थाना पुलिस दूसरे की सीमा में बताकर पहुंचने में टाल-मटोल करती रही। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शव एक्सप्रेसवे पर रखकर जाम लगा दिया। फरार पिकअप चालक का भी ग्रामीणों ने खुद पीछा किया। आरोपी चालक हरियाणा सीमा में छायसा गांव के पास पिकअप छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद पेरीफेरल पर पुलिस और हाईवे कर्मियों से कोई मदद नहीं मिलती है।