शव के पास पड़ी थी खून से सनी ईंट
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि 15 फरवरी को दिल्ली के बवाना रोड स्थित विशाल बाग में राइस मिल के पीछे एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव एक 25 साल के युवक का है और उसका सिर कुचला हुआ है। पास ही खून से सनी ईंट पड़ी थी। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए इलाके में घर-घर जाकर सर्वे किया और दो दिन बाद मृतक की पहचान बांकनेर निवासी बंटी के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह वेटर का काम करता था।
150 CCTV के बाद मिला राजा
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। करीब 150 सीसीटीवी कैमरे की जांच में एक संदिग्ध का पता चला। पुलिस ने उसके गतिविधि की जांच की। आरोपी पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। लेकिन तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने अमन उर्फ राज की पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
पैसे देने से कर रहा था इनकार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसका दोस्त था। दोनों वेटर का काम करते थे। कुछ दिन पहले उसने उससे सौ रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने वह पैसे देने से इनकार कर रहा था। इस बात को लेकर झगड़ा होने पर उसने बंटी की ईंट मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खून से सना कपड़ा बरामद कर लिया है।