विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली ने कार्यवाही शुरू कराई। सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में शपथ ली। फिर एक-एक कर नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ग्रहण की। इस दौरान विजेंद्र गुप्ता दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके नाम का प्रस्ताव सदन में रखा। जिसके बाद विजेंद्र को स्पीकर चुना गया। विधानसभा में हंगामे के बीच कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की बैठक में हंगामे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने 15 मिनट के लिए सदन स्थगित कर दिया।
विधानसभा में इस बात को लेकर हंगामा
नेता विपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री कार्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह के चित्र हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। उसके बाद आप विधायकों ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। वहीं भाजपा विधायकों ने भी नारेबाजी की। वहीं आप विधायक अनिल झा धन्यवाद प्रस्ताव पर नहीं बोले।
बाबा साहेब के करोड़ों अनुयायियों को ठेस पहुंची है: केजरीवाल
आप के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली की नई भाजपा सरकार ने बाबा साहेब की फोटो हटाकर प्रधानमंत्री मोदी की फोटो लगा दी। ये सही नहीं है। इस से बाबा साहेब के करोड़ों अनुयायियों को ठेस पहुंची है। मेरी भाजपा से प्रार्थना है। आप प्रधानमंत्री की फोटो लगा लीजिए लेकिन बाबा साहिब की फोटो तो मत हटाइए। उनकी फोटो लगी रहने दीजिए।'
संबंधित वीडियो-
भाजपा ने एक्स पर फोटो साझा कर लिखी ये बात
दिल्ली भाजपा ने अपने एक्स अकाउंट पर एक फोटो साझा की है, जिसमें एक दीवार डॉ. बीआर आंबेडकर और शहीद भगत सिंह का चित्र लगा हुआ है। साथ ही लिखा है कि 'दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं सभी मंत्रियों के कक्ष में श्रद्धेय महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर, भगत सिंह, महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र सुशोभित हैं।'