ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़े जाने पर हर रोज नई-नई घटनाएं सामने आ रही हैं। चालान होने पर शेख सराय इलाके में एक युवक ने बाइक को लगा दी थी, वहीं अब सब्जी मंडी इलाके में मंगलवार सुबह नई घटना सामने आई है। बिना हेलमेट के पकड़े जाने पर एक युवक ने ईंट से सिर पर वार कर खुद को लहूलुहान कर लिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सब्जी मंडी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बर्फखाने के पास हुई। यहां सब्जी मंडी ट्रैफिक सर्किल की टीम तैनात थी। टीम में तैनात महिला एएसआई ने अमित नाम के एक युवक को स्कूटी पर जाते हुए रोक लिया। अमित दिव्यांग है।
अमित ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। एएसआई महिला ने अमित को हेलमेट पहनने की नसीहत दी और चालान करने की बात कही। इस बात पर अमित आपा खो बैठा और ईंट उठाकर अपने सिर पर मारना शुरू कर दिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी उसे रोक पाते, उससे पहले वह ईंट को कई बार मार चुका था, जिससे अमित लहूलुहान हो गया।
ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना पीसीआर को दी और घायल युवक को बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारी अमित की हालत खतरे से बाहर बता रहे थे। सब्जी मंडी इलाके में रहने वाला अमित बर्फखाने के पास पूड़ी-सब्जी की रेहड़ी लगाता है। हालांकि अमित का चालान नहीं किया गया है। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मंगलवार शाम तक अमित के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया था।