दक्षिण दिल्ली के फतेहपुरबेरी थाना इलाके में एमजी रोड पर लापरवाही से गाड़ी चलाने से मना करने पर स्कॉर्पियो कार चालक इतना आग बबूला हो गया कि उसने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी कार सवार मौके से फरार हो गया। कहासुनी व मोटरसाइकिल पर टक्कर मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो दक्षिण जिला पुलिस हरकत में आई। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी नेबसराय निवासी अनुज चौधरी को सोमवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निजी कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर रहा है।
दक्षिण जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने बताया कि श्रेयांश(22) बाइकर्स ग्रुप का सदस्य है। श्रेयांश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से अरावली हिल्स स्थित मंदिरों को देखने गया था। रविवार सुबह जब ग्रुप दिल्ली वापस लौट रहा था तो अर्जनगढ़ मेट्रो स्टेशन के पास एक स्कॉर्पियो चालक लापरवाही से कार चला रहा था। श्रेयांश ने उसे ठीक से कार चलाने को कहा तो दोनों के बीच बहस हो गई। कहासुनी के बाद बाइकर्स आगे बढ़ गए और कार चालक पीछे रह गया। पीछे से स्कॉर्पियो चालक तेज गति से आया और श्रेयांश की मोटरसाइकिल में पीछे से टक्क्कर मार दी। इससे श्रेयांश नीचे गिर गया। गिरने के बाद वह फुटपाथ से टकराकर घायल हो गया। ग्रुप में शामिल एक यू-ट्यूबर ने इसका वीडियो बना लिया था।
श्रेयांश के साथी उसे अस्पताल ले गए और प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर पहुंचाया। श्रेयांश ने पूरी वारदात का वीडियो व पूरी घटना ट्वीटर पर शेयर की। इसके बाद वीडियो वायरल होने लगा। इसके बाद दिल्ली पुलिस खुद हरकत में आई और मामले में संज्ञान लेते हुए फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने पीड़ित से संपर्क किया। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्जकर जांच शुरू की। श्रेयांश प्राइवेट कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रहा है।
कार के रजिस्ट्रेशन के आधार पर पकड़ा गया आरोपी
मामला दर्जकर फतेहपुरबेंरी थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस स्कॉर्पियो कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर अनुपम गार्डन, नेबसराय पहुंची। यहां कार मालिक ने बताया कि कार को घटना के बाद उसका बेटा अनुज चौधरी(25) चला रहा था। आरोपी शुरू में तो अपने घर से गायब मिला। मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने अनुज चौधरी सोमवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के माता-पिता बुजुर्ग हैं और बीमार रहते हैं।