कल्याणपुरी इलाके में देवर-भाभी के बीच हुआ मामूली झगड़ा अगले दिन दुष्कर्म में तब्दील हो गया। झगड़े की कॉल पर पहुंची पुलिस ने महिला के पति और देवर को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। लेकिन अगले दिन देवर को अदालत से जमानत मिली तो यह बात भाभी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी 23 वर्षीय कमल (बदला हुआ नाम) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले की छानबीन की बात कह रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक कमल परिवार के साथ कल्याणपुरी इलाके में रहता है। बीते नौ जुलाई को एक महिला ने मारपीट की शिकायत पुलिस से की। महिला ने बताया कि ससुराल में उसे पीटा जा रहा है। कुछ देर बाद इसी महिला के देवर कमल ने भी पीसीआर को कॉल कर बताया कि उसकी भाभी अपनी बहनों के साथ घर में घुसकर उसके साथ मारपीट कर रही है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में पारिवारिक झगड़े का पता चला। पुलिस ने कमल और उसके बड़े भाई को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
कमल ने पुलिस को बताया कि उसकी भाभी घर में झगड़ा करती है और वह पिछले कुछ माह से अपने मायके में रह रही है। पुलिस ने अगले दिन कमल और उसके बड़े भाई को अदालत में पेश किया, जहां दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
आरोप है कि यह बात कमल की भाभी को हजम नही हुई। उसने पुलिस थाने पहुंचकर कमल पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। महिला ने बताया कि करीब दो माह पूर्व घर में अकेला पाकर कमल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को कुछ भी बताने पर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने बात अपने पति को बताई तो बजाए अपने भाई के खिलाफ कार्रवाई के उल्टा पति ने उसे ही पीटा। उस समय महिला चुप बैठ गई।
उधर कमल के परिजनों का आरोप है कि कमल की भाभी अक्सर अपनी बहनों के साथ ससुराल में मारपीट करती है। नौ जून को कमल ने भाभी के खिलाफ कल्याणपुरी में शिकायत भी दी थी। उसमें कहा गया था कि उसकी भाभी उसे कभी भी किसी झूठे मुकदमे में फंसा सकती है। पुलिस ने छानबीन के बाद 20 जुलाई को कमल को गिरफ्तार कर लिया।