नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक ने सात साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर हत्या उसकी हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी बहन को पीड़ित बच्ची के पिता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद से ही वह वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि बीते 15 जून को नरेला औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाली एक सात साल की बच्ची लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने 16 जून रविवार को नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
17 जून सोमवार को पुलिस ने एक पार्क में बने वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से बच्ची का शव बरामद कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार की देखरेख में पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित परिवार व आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि आरोपी का भाई एक बार बच्ची को बहला फुसला कर अपनेे साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की और घटना के समय उसके लोकेशन की जांच की। लेकिन लोकेशन किसी और जगह की मिली।
इसी बीच पुलिस को पता चला कि आरोपी को इलाके में देखा गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसने एक दिन बच्ची के पिता को अपनी बहन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसके बाद से ही वह साजिश रच रहा था। घटना वाले दिन बच्ची को टॉफी देने के बहाने साथ ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।