प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित लखनऊ के मलिहाबाद निवासी पद्मश्री कलीम उल्ला ने काफी मेहनत के बाद ‘नमो’ आम की विशेष वैरायटी तैयार की है। गाजियाबाद हाट में आए कलीम उल्ला अब ‘नमो’ को प्रधानमंत्री तक पहुंचाना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि ‘नमो’ गुच्छ में है। गुच्छे के पांच आम प्रधानमंत्री की एकजुटता को दर्शाते हैं। मोदी ने जब शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सभी पड़ोसी राष्ट्रों को साथ लेकर चलने का आह्वान किया था, तभी ‘नमो’ आम की पटकथा लिखी थी।
कलीम उल्ला ने लोगों से अपील की कि वे ‘नमो’ आम को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने में उनकी मदद करें। उन्होंने बताया कि ‘नमो’ आम के अलावा अब तक वह ऐश्वर्या राय, निर्भया और सचिन के नाम से भी विशेष आम तैयार कर चुके हैं।
एक पेड़ से 360 किस्म के आम तैयार कर चुके कलीम उल्ला ने 365 दिन आम लगने वाला पेड़ तैयार किया है। 1940 में जन्मे कलीम ने बताया कि जब मन पढ़ाई में नहीं लगा तो 17 वर्ष में आम के एक पेड़ से कलमें बांधकर तीन सौ से ज्यादा किस्में तैयार कर इतिहास रच दिया। एक ऐसा आम बनाया जो दो छिलके और दो रंगों के गूदे के लिए जाना जाता है।