रविवार को जंतर-मंतर पर सर्वखाप महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें पहलवानों की इस लड़ाई में आगे की रणनीति पर फैसला होगा। इसके अलावा आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए 31 और नौ सदस्यीय दो समितियों का गठन किया गया है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के समर्थन में रविवार को महापंचायत होने जा रही है। इसको देखते हुए हरियाणा से सटी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी के साथ जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। किसान नेता राकेश टिकैत भी जंतर-मंतर पहुंचे। वह भी पहलवानों का समर्थन कर रहे हैं। राकेश टिकैत ने कहा है कि हम शांतिपूर्वक महापंचायत कर रहे हैं। अगर पुलिस किसानों को हिरासत में लेकर थाने ले गई तो उसी थाने में महापंचायत होगी।
विज्ञापन
दरअसल, रविवार को जंतर-मंतर पर सर्वखाप महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें पहलवानों की इस लड़ाई में आगे की रणनीति पर फैसला होगा। इसके अलावा आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए 31 और नौ सदस्यीय दो समितियों का गठन किया गया है। इस महापंचायत में अहम फैसला हो सकता है।
बृजभूषण ने वीडियो मैसेज जारी किया
इस बीच WFI अध्यक्ष बृजभूषण ने वीडियो मैसेज जारी किया है। उन्होंने कहा- खाप के मेरे चाचा-ताऊ, मैं आपको दिल्ली आने से नहीं रोक रहा, लेकिन जिस दिन दिल्ली पुलिस की जांच पूरी होगी और अगर मैं दोषी पाया गया तो मैं आप सब के बीच खुद आउंगा। आप सब जूते मार-मार कर मेरी हत्या कर देना। आपसे भी विनती है कि आपके गांव से कोई बच्चा, महिला, लड़की कुश्ती खेलती हो तो उनसे एक मिनट के लिए अकेले में ले जाकर पूछ लेना कि बृजभूषण पर जो आरोप लगे हैं, क्या वह ऐसे ही हैं? आपसे यही कहना चाहता हूं कि बच्चे गलती करते हैं, आप न करो।