फरीदाबाद के न्यू सीजीओ कांप्लेक्स स्थित आयकर कार्यालय में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के बारे में जानकारी के लिए संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसका आयोजन अपर आयकर आयुक्त (छूट) चंडीगढ़ के निर्देश पर किया गया।
इसमें योजना के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। इस योजना के जरिये अधिक संख्या में लोगों से जुड़ने का आह्वान किया गया। आयकर अधिकारी (छूट) फरीदाबाद जय भगवान ने योजना के मुख्य बिंदुओं से अवगत कराया।
उन्होंने सीए, वकील और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को इस संबंध में जानकारी दी। सिंह ने इस योजना के बारे में उत्पन्न शंकाओं का निराकरण किया। इस मौके पर आयकर अधिकारी आरडी शर्मा, निरीक्षक मुकेश कुमार रावत भी उपस्थित रहे।