बल्लभगढ़ के पृथला विधानसभा क्षेत्र में स्थापित विभिन्न कंपनियों में नौकरी न दिए जाने से नाराज स्थानीय युवाओं ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पृथला विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर ग्रामीणों को इस संबंध में जागरूक करने व संघर्ष में साथ देने का अभियान शुरू किया है। युवा नेता मोहन डागर ने बृहस्पतिवार को गांव सदरपुर, अटेरना, फतेहपुर व साहुपुरा गांव का दौरा कर ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पृथला विधानसभा क्षेत्र में छोटी बड़ी 500 से ज्यादा कंपनियां लगी हुई हैं। इन कंपनियों में यहां के बेरोजगार युवक नौकरी मांगने जाते हैं तो उन्हें धमकाकर व यह कहकर भगा दिया जाता है कि यहां लोकल युवकों को नौकरी नहीं दी जाएगी।
डागर ने कहा कि जिन जमीनों पर यह कंपनियां लगी हैं, वह जमीन स्थानीय लोगों की है। इसके बावजूद ग्रामीण युवाओं को कंपनियां नौकरियां नहीं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी प्रबंधक व प्रशासन ने जल्द ही इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया तो वह आंदोलन तेज करेंगे। इस दौरान उनके साथ दिनेश कुमार, महेंद्र सिंह, लेखी, भोला पंडित व अनिल कुमार सहित अन्य युवक मौजूद रहे।