राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास मुख्य सड़क पर कुछ दुकानदारों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर घरेलू गैस की रिफिलिंग बड़े पैमाने पर की जा रही है। शिकायत के बाद भी समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रिफिलिंग के चलते कभी कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से इस पर शिकंजा कसने की मांग की है।
कस्बे के लखपत चौक पर घनी आबादी के साथ कुछ दुकानदार निजी स्वार्थ के चलते गलत ढंग से घरेलू गैस की रिफिलिंग कर रहे हैं। रिफिलिंग करने वाले दुकानदारों का तरीका बेहद खतरनाक है। यह 6 इंच लंबे लोहे के एक पाइप के जरिये बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिल करते हैं। कस्बे में कुछ दुकानदार लंबे समय से अवैध रिफिलिंग खुलेआम कर रहे हैं।
चूल्हा रिपेयरिंग सेंटरों से लेकर बिजली व परचून की दुकानों तक में इस खतरनाक खेल को अंजाम दिया जा रहा है । कुछ दुकानदारों ने नाम ने छापने की शर्त पर बताया की गैस डालते समय निकलने वाली जहरीली गैस ने उनका जीना दूभर किया हुआ है।
उन्होंने बताया की कई बार इस कार्य करते समय आग भी लग चुकी है। सूत्रों की माने तो 620 रुपये का सिलेंडर इन अवैध व्यापारियों को 1000 से 1100 रुपये में आसानी से मिल जाता है जिससे ये लोग 1500 रुपये से अधिक रकम बना लेते हैं।