दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास सोमवार देर रात लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चलते ऑटो से जीतेंद्र को फेंक दिया। ऑटो सवार बदमाश पीड़ित का बैग लेकर भाग गए। लूटपाट का मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। आईटीबीपी में कार्यरत जीतेंद्र की तैनाती मध्य प्रदेश में है।
पुलिस के अनुसार, गाजीपुर में रहने वाला फौजी सोमवार देर रात निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा और गाजीपुर जाने के लिए ऑटो तलाश करने लगा। तभी एक ऑटो चालक ने गाजीपुर की ओर जाने की बात कही। उसके ऑटो में चार युवक पहले से सवार थे।
जीतेंद्र के आनाकानी करने पर चालक ने कम किराये लेने की बात कहकर उसे ऑटो में बैठा लिया। निजामुद्दीन पुल पार करने के बाद पिछली सीट पर बैठे युवक उसका बैग अपनी ओर खिसकाने लगे।
विरोध करने पर बदमाशों ने फौजी की पिटाई कर चलते ऑटो से फेंक दिया और बैग लेकर भाग गए। बैग में नकदी, कपड़े और अन्य सामान था। घायल जीतेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।