गाजियाबाद के नवयुग मार्केट के सामने सोमवार दोपहर बदमाशों ने लोहा कारोबारी की कार से 90 हजार से भरा ब्रीफकेस उड़ा दिया। बदमाशों ने कार ड्राइवर को दस-दस के नोट पडे़ होने की सूचना दी। जैसे ही कार चालक दस के नोट उठाने लगा, बदमाशों ने उसकी कार से नगदी भरा बैग उड़ा दिया।
दिल्ली के हर्ष विहार निवासी नरेश कुमार बंसल की गाजियाबाद लोहा मंडी में राकेश स्टील ट्रेडर्स नामक फर्म है। सोमवार दोपहर नरेश कुमार अपने ड्राइवर सनी के साथ नवयुग मार्केट में अधिवक्ता से मिलने आए थे।
नरेश अधिवक्ता के आफिस में चले गए, जबकि सनी कार के अंदर ही बैठा रहा। इसी दौरान एक युवक वहां आया और शीशे में हाथ मार कर सनी को दस के नोट गिरे होने का इशारा किया।
सनी कार से उतरकर नोट उठाने लगा। इसी दौरान बदमाश का दूसरा साथी कार की दूसरी ओर की खिड़की खोलकर उसमें रखा ब्रीफकेस ले उड़ा। जब तक ड्राइवर कार में दोबारा बैठा, तब तक बदमाश भाग चुके थे।
कार में बैठने पर ड्राइवर को जब ब्रीफकेस नहीं मिला तो उसने मालिक को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाशों की तलाश की गई, मगर कुछ पता नहीं चला। कोतवाल वीर विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।