कार्यक्रम के दौरान रागिनी गाते हुए ब्रहम्पाल नागर
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव में इस बार आयोग ने रागनी कार्यक्रम के दाम बढ़ा दिए हैं। 25 से 35 हजार रुपये में होने वाले कार्यक्रम के लिए अब 46 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इससे प्रत्याशियों को रागनी का आयोजन करना महंगा पडे़गा।
कुर्सी, स्टेज, चाय, पूड़ी और सब्जी का खर्च मिलाकर एक आयोजन में ही कई लाख रुपये खर्च हो जाएंगे। ऐसे में अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने रागनी कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं ली है।
गौतमबुद्घ नगर लोकसभा में नोएडा छोड़कर चारों विधानसभाओं में ग्रामीण क्षेत्र आता है। जहां रागनी कार्यक्रम को लेकर लोग दीवान हो जाते हैं और कई किलोमीटर दूर से श्रोता कार्यक्रम में पहुंचते हैं।
वहीं, स्टार प्रचारकों के आने तक भीड़ को रोकने और मनोरंजन के लिए रागनी कलाकारों को बुक किया जाता था। लेकिन इस बार प्रत्याशियों को लोगों का मनोरंजन करना महंगा साबित होगा। चुनाव आयोग ने रागनी कलाकारों का रेट 46 हजार रुपये तय किया है।
फैंसी कुर्सी 10 रुपये तो सामान्य कुर्सी का किराया 7 रुपये है। लाउडस्पीकर का खर्च 750 रुपये है। वहीं, जिला प्रशासन की टीम प्रत्येक प्रत्याशी के खर्च पर नजर रख रही है और कार्यक्रम से लेकर उनकी गाड़ियों तक की वीडियोग्राफी कराई जा रही है।