दिल्ली में इन दिनों एक ऑडियो मैसेज वायरल हो रहा है जो कांग्रेस की तरफ से कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के लिए प्रयास बताया जा रहा है। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं से आप-कांग्रेस गठबंधन पर राय मांगी जा रही है। इस वायरल ऑडियो में दिल्ली के कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको की आवाज बताई जा रही है। इस ऑडियो के बारे में मीडिया में खबर आते ही शीला दीक्षित का पक्ष सामने आ गया है जिससे कांग्रेस के अंदर ही खलबली मच गई है।
दरअसल शीला दीक्षित आप से गठबंधन के लिए किसी हाल में भी तैयार नहीं हैं। वहीं पार्टी के इस सर्वे से यह साफ संदेश जाता है कि पार्टी उनकी राय से अलग जाकर आप से गठबंधन की संभावनाएं तलाश रही है। ऐसे में जब इस बारे में शीला दीक्षित से पूछा गया तो वह बोलीं कि मुझसे पूछे बिना कैसे सर्वे हो सकता है?
वायरल ऑडियो में क्या है?
इस वायरल ऑडियो में जो सवाल सुना जा सकता है वह है, 'मैं पीसी चाको दिल्ली कांग्रेस का प्रभारी बोल रहा हूं। बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस पार्टी को आम आदमी पार्टी से गठबंधन करना चाहिए? हां के लिए एक दबाएं, ना के लिए दो दबाएं।'