मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा आज पिलखवा के रामलीला मैदान में होगी। जनसभा के लिए प्रशासन ने सीएम के मंच से लेकर हैलीपेड व जनसभा स्थल की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं। सीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को डीएम आदिति सिंह और एसपी यशवीर सिंह ने रामलीला मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं को जायजा लिया।
गाजियाबाद-धौलाना से भाजपा के प्रत्याशी जनरल वीके सिंह के समर्थन में आज दोपहर तीन बजे रामलीला मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा प्रस्तावित है। जनसभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं में लगे थे।
सीएम के हेलीपैड स्थल से लेकर मंच तक को बनवाने में जुटे रहे। वहीं सीएम की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि रामलीला मैदान में सभास्थल पर मंच आधुनिक तकनीक से तैयार करवाया है।
मंच में बांस और बल्ली का कोई प्रयोग नहीं किया गया। रामलीला मैदान में ही हैलीपैड तैयार कराया गया है। हालांकि पहले राजपूताना इंटर कालेज में हैलीपैड बनवाने का प्रस्ताव था, लेकिन यहां से जनसभा स्थल दूर होने की वजह से रैली स्थल पर ही हैलीपैड की व्यवस्था की गई। रैली सभा की चारों तरफ बैरिकेडिंग रहेगी।