लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली की सात संसदीय सीटों पर डाले गए मतों की गिनती के बाद वीवीपैट की करीब तीन लाख पर्चियों की गिनती होगी। दिल्ली की 70 विधानसभा क्षेत्रों की 350 वीवीपैट मशीनों में बंद पर्चियों की गिनती में पांच-छह घंटे का अतिरिक्त वक्त लगने की संभावना जताई जा रही है।
किसी भी बूथ के मतों की गिनती के बाद वीवीपैट की पर्चियों से मिलान किया जाएगा। चुनाव में पारदर्शिता बढ़ाने के लिहाज से पहली बार लोकसभा चुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट का इस्तेमाल किया गया। मतों की प्रमाणिकता के लिहाज से पर्चियों की गिनती में थोड़ा अधिक वक्त लगेगा, लेकिन सीईओ का कहना है कि मतगणना और चुनाव परिणाम पूरी तरह पारदर्शी हो यही उनकी प्राथमिकता है।
वीवीपैट की एक पर्ची को गिनने में अगर 30 सेकेंड का भी वक्त लगता है तो तीन लाख से अधिक पर्चियों की गिनती में कुछ और अधिक घंटे लगेंगे। दिल्ली में लोकसभा चुनाव के दौरान हुए मतदान के वक्त वीवीपैट से संबंधित एक शिकायत चुनाव अधिकारी से की गई, जिसकी जांच के बाद पाया गया कि आरोप निराधार थे।