गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र के कई गांवों के मतदान केंद्रों पर शादी आदि खुशी के मौके जैसा माहौल दिखाई दिया। दरअसल महिलाएं मतदान केंद्रों पर गीत गाते हुए पहुंचीं। वहीं नई बहुओं ने ही नहीं, बल्कि बुजुर्ग महिलाओं ने भी खूब मतदान किया। मतदान केंद्रों तक आने-जाने के दौरान उनका घूंघट तक नहीं खुला। इतना ही नहीं, मतदान के लिए लाइन में लगने और मतदान केंद्र के अंदर भी सभी महिलाएं घूंघट में ही नजर आईं।
इलाके के बसई, गाड़ौली, बजघेड़ा, धनवाबाद, इंछापुरी, पहाड़ी आदि गांवों में महिलाएं गीत गाते हुए मतदान केंद्रों पर पहुंचीं। इस दौरान महिलाएं सजधज कर मतदान करने पहुंची थीं। इस तरह मतदान केंद्रों पर पूरा दिन खुशी के अवसर जैसा माहौल बना रहा।
बजघेड़ा गांव के मतदान केंद्र के अंदर कोई बुजुर्ग पुरुष न होने पर भी घूंघट निकालने के बारे में बुजुर्ग महिला सरस्वती ने बताया कि यह हमारे यहां का रिवाज है। हम घर से निकलने के दौरान घूंघट निकाल लेती हैं।
धनवाबाद गांव में मतदान केंद्र पर जुटी महिला शांति देवी के अनुसार ग्रामीण इलाके में परंपरा है कि मतदान करने के लिए जाने के दौरान महिलाएं गीत गाते हुए जाती हैं, क्योंकि चुनाव में मतदान करना भी एक उत्सव जैसा होता है।