बसपा प्रमुख मायावती ने गठबंधन के मंच से बुलंदशहर में आयोजित जनसभा के दौरान अपने भतीजे आकाश को राजनीति में लाने की घोषणा कर दी। वह जनसभा स्थल पर अपने भाई और दो भतीजों के साथ पहुंचीं थीं।
दोपहर करीब एक बजे मायावती का हेलीकॉप्टर जनसभा स्थल के पास उतरा। इस दौरान उनके साथ हेलीकॉप्टर से उनके भाई आनंद व भतीजे आकाश, ईशान और राज्यसभा सांसद सतीश मिश्रा भी साथ आए थे। इस दौरान मायावती ने आकाश को राजनीति में लाने की घोषणा भी कर दी। कहा कि पिछले दिनों आकाश की चप्पलों तक को लेकर विवाद छिड़ा था।
उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार को राजनीति से दूर रखती हैं, लेकिन उस चप्पल प्रकरण ने उन्हें आकाश को राजनीति में लाने व तैयार करने के लिए प्रेरित किया। मायावती की इस घोषणा के बाद से राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं। कोई आकाश को मायावती का उत्तराधिकारी मान रहा है तो कोई बसपा का अगला उभरता हुआ चेहरा मान रहा है। हालांकि, मायावती ने केवल आकाश को राजनीति में लाने के लिए कहा है। आकाश को अपना उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया है।
मंच से गायब हुए आधे सपाई
बसपा-सपा के गठबंधन को लेकर मंच पर रार नजर आई। मंच से पूर्व मंत्री व जिलाध्यक्ष कुंवर अब्दुल रब, सपा के प्रदेश सचिव दिनेश गुर्जर, पूर्व सदर विस प्रत्याशी शुजात आलम, राहुल यादव, अमजद अली गुड्डू मौजूद नहीं थे। सपा नेता शुजात आलम ने बताया कि पहले उन्हें मंच पर आने का न्यौता दिया गया फिर वहीं रोक दिया गया। इस दौरान सूची से भी उनका नाम गायब कर दिया गया। एक पूर्व विधायक व अन्य लोगों ने उन्हें मंच पर लाने की कोशिश की, लेकिन उनकी भी एक न सुनी गई।
भोजपुरी गानों पर झूमे समर्थक
ठेठ खड़ी बोली बोले जाने वाले और समझे जाने वाले क्षेत्र में जनसभा स्थल पर मायावती व जयंत के आने से पूर्व व बाद में चुनावी भोजपुरी गाने बज रहे थे। इस दौरान काफी संख्या में समर्थक जनसभा स्थल पर भोजपुरी गानों पर नाचते-गाते नजर आए।
मायावती नेक्स्ट पीएम
जनसभा स्थल पर बसपा का एक समर्थक मायावती नेक्स्ट पीएम की तख्ती लेकर घूमता नजर आया। उक्त युवक के साथ लोग सेल्फी लेते भी नजर आए। युवक बार-बार मायावती को अगला प्रधानमंत्री बनाने के नारे लगा रहा था।
जनसभा के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम
दोपहर करीब 2.10 बजे गठबंधन की जनसभा समाप्त हुई। इस दौरान सड़कों पर बस, ट्रैक्टर ट्राली, कार, बाइक आदि वाहन खड़े थे। जनसभा के बाद लोग अपने-अपने गंतव्यो के लिए अपने अपने वाहनों से रवाना होने लगे। जिसके चलते अनूपशहर रोड पर लंबा जाम लग गया। जिसे खुलवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।