गुरुग्राम में भाजपा उम्मीदवार एवं सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को रोड शो के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो में उमड़े जनसैलाब को लेकर इंद्रजीत ने कहा कि जनता ही मेरी ताकत है। रोड शो शाम करीब शाम सवा पांच बजे ओल्ड रेलवे रोड स्थित प्रेम मंदिर के नजदीक भाजपा कार्यालय से शंखनाद के साथ आरंभ हुआ। प्रेम मंदिर से सदर बाजार से सटे अग्रसेन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर तक रोड शो में जगह-जगह राव इंद्रजीत का स्वागत हुआ।
भीषण गर्मी के बावजूद भी लोग रोड शो में शामिल होने के लिए दोपहर से ही जुटने शुरू हो गए। लोगों में अपने नेता राव इंद्रजीत सिंह को फिर से अपना प्रतिनिधित्व सौंपने और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाकर देश को सशक्त और मजबूत नेतृत्व देने की बात कही। रोड शो में युवाओं ने बाइक रैली भी निकाली। सदर बाजार-सोहना-मस्जिद चौक पर शहर के व्यापारियों, मुस्लिम समाज और दूसरे वर्गों के लोगों ने राव का स्वागत किया।
राव ने बाजार में उपस्थित व्यापारी, किसान, मजदूर, महिलाओं और युवाओं को यह अहसास भी कराया कि मतदाओं की दी हुई ताकत से ही वो इतने मजबूत हुए हैं कि क्षेत्र के हक की हर लड़ाई लडऩे को वह तत्पर रहते हैं और लोगों को उनका हक दिलाकर ही दम लेते हैं। सदर बाजार से राव का काफिला करीब दो घंटे में निकला। यहां से डाकखाना चौक होते हुए काफिला सीधा भगवान अग्रसेन चौक पहुंचा। यहां राव ने रोड शो में उमड़े जनसैलाब का आभार जताया।