चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श नगर, शालीमार बाग, शकूर बस्ती, त्रीनगर, वजीरपुर, मॉडल टाउन, सदर बाजार, चांदनी चौक, मटिया महल और बल्ली मारान विधानसभा क्षेत्र हैैं।
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में 15,61,828 मतदाता हैं। इन मतदाताओं में 8,48,303 पुरुष, 7,13,393 महिलाएं और 132 थर्ड जेंडर हैं। यहां करीब 70-80 फीसदी वोटर कारोबारी वर्ग का है जबकि बाकी वोटर नौकरीपेशा वर्ग है।
2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा थी अव्वल
लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा ने बहुमत हासिल कर सीट पर कब्जा जमाया था। उस दौरान चांदनी चौक के वर्तमान सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने 4,37,938 लाख वोट हासिल किए थे। दूसरे नंबर पर आप के प्रत्याशी आशुतोष ने 3,01,618 लाख वोट और तीसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी कपिल सिबल को 1,76,206 लाख वोट मिले थे।
असमंजस में हैं मतदाता
जीएसटी और नोटबंदी जैसी योजनाओं के बाद कारोबारी भाजपा से मुंह मोड़ते दिख रहे हैं, लेकिन वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर भी बेहद उत्सुक नहीं हैं। मतदाताओं की मानें तो चांदनी चौक में प्रत्याशियों द्वारा वादे तो किए जाते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया जाता। बेहतर उम्मीदवार के चयन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
मतदाताओं की मुख्य मांगें
- कारोबारी नीतियों को बेहतर बनाया जाए।
- विकास कार्यों के लिए बेहतर योजनाएं तैयार हों।
- चांदनी चौक मुख्य मार्ग का निर्माण जल्द किया जाए।
- वजीरपुर और शकूर बस्ती में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैय्या कराई जाएं।
- मतदाताओं से किए गए वादों को पूरा किया।
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र का इतिहास
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र 1956 में अस्तित्व में आया। इसके बाद 1966, 1993 और 2008 में तीन बार इस सीट का परिसीमन हुआ। 2008 के बाद इस क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 10 हो गई।
बनिया फैक्टर पर प्रत्याशियों का फोकस
भाजपा प्रत्याशी डॉ. हर्षवर्धन और कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश अग्रवाल के साथ ही आप प्रत्याशी पंकज गुप्ता भी वैश्य समाज से हैं। ऐसे में मतदाताओं को रिझाने के लिए तीनों प्रत्याशी बनिया फैक्टर को आजमाने की कोशिश कर रहे हैं।
जातीय समीकरण
वैश्य 24.71 प्रतिशत
अनुसूचित जाति 16.63 प्रतिशत
मुस्लिम 14.07 प्रतिशत
ब्राह्मण 13.55 प्रतिशत
पंजाबी 10 प्रतिशत
गुर्जर 1.20 प्रतिशत
जाट 1.10 प्रतिशत
अन्य 26 प्रतिशत